पश्चिमी दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी ने किया नामांकन, ढो की थाप और फूलों की बौछार के बीच निकली रैली
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रभारी ओपी धनखड़ सहित अन्य नेता रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कमलजीत सहरावत ने बृहस्पतिवार को ढोल की थाप और फूलों की बौछार के बीच नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने अपने गांव अंबराही स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। कमलजीत ने कहा कि पीएम मोदी की समस्त गारंटी इलाके में लागू होंगी। केंद्र सरकार की योजनाओं से दिल्लीवासियों को वंचित करने का कार्य कर रही आम आदमी पार्टी को चुनाव में जनता सबक सिखाएगी।
वहीं, विकास पुरी स्थित चुनाव कार्यालय से लेकर राजौरी गार्डन स्थित डीएम कार्यालय तक रैली निकाली गई। सिर पर भगवा पगड़ी और हाथ में तीर-धनुष लिए कमलजीत पार्टी नेताओं के साथ रथ पर सवार दिखीं। रथ पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, प्रदेश चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा समेत दूसरे नेता भी मौजूद रहे। इस मौके पर हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का 400 पार का संकल्प पूरा हो रहा है और केंद्र में प्रचंड बहुमत के साथ फिर एक बार मोदी सरकार बन रही है। द्वारका में बने यशोभूमि परिसर, खेल स्टेडियम, यूबीआर-दो सड़क परियोजना के माध्यम से किए गए विश्वस्तरीय विकास से मोदी सरकार ने पश्चिम दिल्ली को जोड़ा है। वहीं, भजनलाल शर्मा मेट्रो से सफर कर नामांकन यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश के लोग प्रधानमंत्री के नाम व काम में विकास की गारंटी देख रहे हैं। इस कारण सारे देश में मतदाताओं में भाजपा के प्रति अभूतपूर्व उत्साह है, जबकि ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कमलजीत ने महापौर व नेता सदन के तौर पर पश्चिम दिल्ली का कायाकल्प करने का कार्य किया है। वहीं, वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कमलजीत के नेतृत्व में अगले पांच साल एक सांसद के नाते राजौरी गार्डन से नजफगढ़ तक और हरी नगर से मादीपुर तक विकास कार्य होंगे।