नूंह। जिले में 19 वर्ष तक के बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए 22 से 28 फरवरी तक विशेष अभियान चलाकर करीब 6 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रबंध कर लिए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर बच्चों को गोलियां खिलाएंगे। यह जानकारी जिला सचिवालय में नगराधीश जयप्रकाश ने दी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 20 से 24 वर्ष तक की महिलाओं को भी कवर किया जाएगा, लेकिन गर्भवती और दूध पिलाने वाली माताओं को एल्बेंडाजोल की गोली नहीं दी जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य एनीमिया का खात्मा कर बच्चों को स्वस्थ बनाना है। एल्बेंडाजोल पेट के कीड़ों को खत्म कर बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है। उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष ने कहा कि 0 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली खिलाई जाएगी। अगर कोई बच्चा अभियान के तहत दवा नहीं ले पाता है तो वह अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या एएनएम, आशा वर्कर आदि से दवा ले सकता है।