पलवल। फरीदाबाद-पलवल के बीच गदपुरी में लगाए जा रहे टोल बैरियर के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। रविवार को टोल बूथ पर हुई महापंचायत के इसका फैसला लिया गया। महापंचायत की अध्यक्षता 52 पाल के चौधरी अरुण जेलदार ने की। जबकि संयोजन गदपुरी टोल हटाओ संघर्ष समिति के संरक्षक ओम प्रकाश शर्मा और संयोजक रतन सिंह सौरोत ने किया। अहम है कि शुक्रवार को टोल बैरियर के विरोध में धरना दे रहे नेताओं व लोगों पर पिस्तौल तानकर धमकी देने की घटना के बाद रविवार को टोल बैरियर पर महापंचायत का आयोजन किया गया था।
रविवार को आयोजित महापंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि गदपुरी ग्राम पंचायत की जमीन पर क्यूब कंपनी ने अवैध कब्जा कर 9 बूथ व टोल स्टाफ के लिए बड़े भवन निर्माण किया है, वह पूरी तरह से गैरकानूनी है। उन्होंने बताया कि टोल निर्माण शुरू करने के दौरान ही ग्राम पंचायत गदपुरी के अलावा खंड विकास एवं पंचायत विभाग क्यूब कंपनी को नोटिस दे चुका है। इसके अलावा पुलिस सहायता भी मांगी थी, लेकिन सरकार के मंत्रियों व नेताओं के दबाव में आकर यह कब्जा हटने नहीं दिया, जिसके चलते यहां टोल बैरियर स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ जहां गदपुरी ग्राम पंचायत द्वारा एसडीएम की अदालत के अलावा पलवल जिला सत्र अदालत में भी याचिका दायर की गई है। साथ ही जिले के लोगों द्वारा राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा नियमों के खिलाफ टोल लगवाने को लेकर पलवल के लोगों द्वारा जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी जा रही हैं, ताकि उच्च व सर्वोच्च न्यायालय में भी इसके खिलाफ याचिका दायर की जा सके। उन्होंने कहा कि इस टोल को किसी भी कीमत पर शुरू नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया व टेकचंद शर्मा, कामगार, कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राकेश तंवर, रेडक्रॉस सोसाइटी की मानद सचिव शशि बाला, जगन डागर, सतवीर डागर, स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती, लक्ष्मण तंवर, उदय सौरोत ने भी सरकार पर गलत तरीके से टोल लगवाने तथा जिले के युवाओं को भड़काकर अपने ही लोगों के खिलाफ करने के आरोप लगाए।
महापंचायत में इन पालों ने दिया समर्थन
महापंचायत में चौबीसी पाल, तेवतिया पाल, रंगीला पाल, भुडेर पाल, चौहान पाल, सौरोत पाल के अलावा व्यापारिक संस्थाओं व सामाजिक संस्थाओं तथा बार एसोसिएशन के सदस्यों ने भी पहुंचकर अपना समर्थन दिया तथा टोल के विरोध में अदालत के साथ-साथ जनांदोलन करने का भी निर्णय लिया गया। सभी पालों के वक्ताओं ने एकजुटता से कहा कि टोल को हटवाने के लिए वह मिलकर आंदोलन करेंगे।
महापंचायत में कई अन्य फैसले भी लिए गए
महापंचायत में सर्वसम्मति से टोल बैरियर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाए। इसके अलावा दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर सिक्स लेन निर्माण पूरा होने, पलवल में तथा बल्लभगढ़ में रेलवे लाइन के ऊपर सिक्सलेन पुल निर्माण कराने, रिलायंस कंपनी के साथ सिक्स लेने के लिए हुए समझौता की शर्तों को पूरा कराने, गदपुरी गांव की जमीन का मुआयजा दिलाने के लिए संघर्ष करने का निर्णय लिया गया। इसी निर्णय के तहत टोल बैरियर पर रविवार से ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया। उधर महापंचायत में मौजूद लोगों के लिए ठंडे पानी व ठंडाई की व्यवस्था की गई थी। गदपुरी गांव की तरफ से यह व्यवस्था की गई।
महापंचायत को देख मौजूद था भारी पुलिस बल
टोल बैरियर पर हुई महापंचायत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पलवल जिले के अलावा फरीदाबाद से भी पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया था। जिला उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक स्वयं महापंचायत पर नजर रखे हुए थे। इसके अलावा तहसीलदार दिनेश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था, ताकि किसी तरह का विवाद नहीं हो।
दल-बल के साथ पहुंचा संयुक्त किसान मोर्चा
टोल बैरियर के विरोध में हुई महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा पूरे दल बल के साथ पहुंचे तथा अपना समर्थन दिया। किसान मोर्चा के नेता महेंद्र चौहान ने बताया कि किसान मोर्चा इस संघर्ष पूरी तरह से साथ रहेगा तथा जिस तरह से कृषि कानूनों के विरोध में लड़ाई लड़ी है, उसी तरह से टोल के विरोध में भी लड़ाई लड़ी जाएगी।