पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की
शराब पीने के दौरान मामूली कहासुनी में दी वारदात अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के राज पार्क इलाके में मामूली कहासुनी के बाद तीन युवकों ने दोस्त पवन उर्फ पोंडी (23) के सिर पर भारी पत्थर से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर गटर में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी के जरिये पहचान कर किशन गुप्ता उर्फ बाबू (24), साहिल (22) और हैदर अली (22) को गिरफ्तार कर लिया है। शराब पीने के दौरान आरोपियों ने मामूली झगड़े में वारदात को अंजाम दिया था।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त जिम्मी चिरम ने बताया कि 19 फरवरी की रात राज पार्क थाने में पवन की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पीड़ित ने बताया कि 18 फरवरी की रात को भाई किसी काम से निकला था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर पवन की तलाश शुरू कर दी। इस बीच टी-ब्लॉक, मंगोलपुरी से एक युवक का शव कंबल में लिपटा हुआ मिला। जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान मिले। शिनाख्त पवन के रूप में हुई। सीसीटीवी जांच में घटनास्थल के पास पवन के कुछ दोस्त दिखाई दिए। इसके अलावा सीडीआर से पड़ताल की गई। छानबीन के बाद पुलिस ने किशन को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन साहिल, हैदर व पवन के साथ वह शराब पी रहा था। इस बीच किशन की पवन से कहासुनी हो गई। इसी बात पर उसने साहिल व हैदर के साथ मिलकर पवन की हत्या कर दी। बाद में शव छिपाने को कंबल में लपेटकर गटर में डाल दिया। इसके बाद पुलिस ने बाकी आरोपियों को भी दबोच लिया।