नोएडा। जेल से छूटने के बाद फिर से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे गिरोह के सरगना डॉ वाहिद समेत तीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने चोरी के 10 कार बरामद किये हैं। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि सरगना किठौर थाना के राधना गांव निवासी वाहिद 3 मार्च 2021 को सेक्टर 24 पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पांच माह पहले ही वह छूट कर आया था। कुछ दिन पहले उसके गिरोह ने जीपीएस लगी स्विफ्ट कार नोएडा से चोरी की थी। कार की लोकेशन ट्रेस करने के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में पता चला। आरोपी गिझोड़ गांव के पास वारदात को अंजाम देने आए थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पिछले एक महीने में शहर से 4 लग्जरी कारें चोरी हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम जांच करने में जुटी हुई थी। इसी दौरान जीपीएस लगी कार चोरी के मामले ने पुलिस को चोरों तक पहुंचा दिया। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना डॉक्टर वाहिद प्रति दिन के हिसाब से लड़कों को हायर करता था। वाहन चोरी करवाकर हापुड़ मंगवा लेता था और कटवाता था।
बदमाशों को देता था कमीशन
एडीसीपी ने बताया वाहिद करीब आठ साल से वाहन चोरी के काम में लिप्त था। पुलिस से बचने के लिए चोरी करने वाले गिरोह से ऑनलाइन बात करता था। इसके बाद उन्हें वाहन चुरा कर लाने पर चार से पांच हजार रुपये कमीशन देता था। चोरी के कारों में लगे जीपीएस की जांच की जाती थी। जीपीएस न होने की तसल्ली के बाद वाहन को कटवाया जाता था और इसके पुर्जों को दिल्ली, हिसार व मेरठ के बाजारों में बेच देते थे। पुलिस से बचने के लिए उसने हापुड़ में घर बनवाया था, घर में 40 सीसीटीवी कैमरे लगे थे।
चोरी के मामले में माहिर होने के कारण नाम के आगे जुड़ा डॉक्टर
वाहिद वाहन चोरी के मामले में माहिर है। पिछले 8 साल से वाहन चोरी करने में शामिल है। वह हर प्रकार की गाड़ियों का लॉक तोड़ सकता है। आरोपी के खिलाफ एनसीआर में चोरी के 50 मामले दर्ज हैं। 10 मामलों में जेल भी जा चुका है।