प्रशासन की कार्रवाई के बाद आपत्ति लेकर पहुंचे भूमाफिया
ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद भूमाफिया आपत्ति लेकर पहुंचे रहे हैं। अभी तक तीन भूमाफिया आपत्ति दर्ज करवा चुके हैं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने आपत्ति पर जांच करने की जिम्मेदारी एसडीएम सदर को दी है। वहीं, अन्य भूमाफिया भी अधिकारियों से संपर्क कर खुद को निर्दोष बात रहे हैं। पिछले सप्ताह जिला प्रशासन ने 7 मामलों में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र के 16 भूमाफियाओं को चिह्नित किया था। डीएम ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कराकर इनकी सूची पोर्टल पर अपलोड करने का आदेश दिया था। प्राधिकरण, पुलिस और एसडीएम सदर व जेवर की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की गई थी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद सभी 16 भूमाफिया बचने का प्रयास कर रहे हैं। अफसरों ने बताया कि सभी खुद को निर्दोष बता रहे हैं और इधर-उधर से पैरवी करवा रहे हैं। तीन भूमाफिया ने लिखित में आपत्ति दर्ज करवाई है। अन्य भूमाफिया भी प्रशासनिक अफसरों के यहां अवैध कब्जा करने या कॉलोनी काटने में शामिल नहीं होने का दावा कर रहे हैं। उधर, अभी तक इन पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
जांच के बाद ही भूमाफिया घोषित किया गया था। अब तीन भूमाफिया ने लिखित में आपत्ति दी है। उनको अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
प्रसून द्विवेदी, एसडीएम सदर