नहीं पहुंचा बिल्डर, अनुरोध पर दिया एक सप्ताह का समय
ग्रेटर नोएडा। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने की शिकायत पर बुधवार को गौड़ संस बिल्डर को तलब किया था, लेकिन वह नहीं पहुंचा। बिल्डर ने एक प्रार्थना पत्र देकर एक सप्ताह का समय मांगा है। वहीं, निवासियों का आरोप है कि प्रशासन ने सुनवाई होने तक बढ़ा शुल्क लेने पर रोक लगा दी थी। बिल्डर ने उसका भी पालन नहीं किया। गौड़ सिटी वन के 6 एवेन्यू में बिल्डर ने मेंटेनेंस शुल्क सवा एक रुपये से बढ़ाकर दो रुपये कर दिया गया। एक अक्तूबर से शुल्क लागू करने का बिल्डर ने नोटिस भी भेज दिया था। निवासियों ने विरोध किया और सोसाइटी में प्रदर्शन किया। उसके बाद बिल्डर ने सभी सुविधाओं को बंद कर दिया था। निवासियों ने जिला प्रशासन से शिकायत की। उसके बाद बिल्डर ने कुछ सुविधाओं को चालू कर दिया। शिकायत पर एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह ने सात अक्तूबर को बिल्डर को तलब किया था। बिल्डर की तरफ से कोई नहीं आया। प्रशासन ने बिल्डर को सख्त चेतावनी दी है। वहीं, बुधवार को निवासी भी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एडीएम को लिखित में शिकायत दी है कि नोटिस के बाद भी बिल्डर बढ़ा हुआ मेंटेनेंस शुल्क वसूल रहा है।
बिल्डर से फोन पर संपर्क किया गया। बिल्डर ने कुछ समय मांगा है। उसको एक सप्ताह का समय दिया गया है। वहीं बढ़ा हुआ मेंटेनेंस शुल्क लेने पर रोक के आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
दिवाकर सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)