-इच्छुक छात्र समर्थ पोर्टल के साथ यूनिवर्सिटी के दाखिला पोर्टल पर भी करें आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ (आईपी) यूनिवर्सिटी के अकादमिक सत्र 2024-25 में 15 प्रोग्राम में दाखिले सीयूईटी स्कोर से भी होंगे। पिछले साल की तरह इस बार भी दाखिले के लिए सीयूईटी स्कोर यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षाओं( सीईटी) के बाद दूसरी प्राथमिकता होगा। सीयूईटी पीजी-2024 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। ऐसे में जो छात्र आईपी के 15 प्रोग्राम में सीयूईटी स्कोर से दाखिला लेना चाहते हैं, वे समर्थ पोर्टल पर सीयूईटी पीजी के लिए आवेदन कर सकते हैं। ताकि वह आईपी के 15 पीजी प्रोग्राम में सीयूईटी स्कोर से आवेदन करने से वंचित न रह जाएं।
समर्थ पोर्टल पर आवेदन के बाद छात्र आईपी यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन दाखिला पोर्टल पर भी आवेदन कर सकते हैं। यूनिवर्सिटी का दाखिला पोर्टल 1 फरवरी से शुरू हो रहा है। ये 15 पीजी प्रोग्राम एमएससी ( मेडिसिन केमिस्ट्री एंड ड्रग डिजाइन), एमएससी( बायोइन्फर्मैटिक्स), एमएस (पैकेजिंग टेक्नॉलोजी), एमएड, एमएससी ( एनवायरनमेंट मैनेजमेंट), एमए (इंग्लिश), एमए (एकोनोमिक्स), एमए (मास कम्यूनिकेशन), एमसीए (सॉफ्टवेयर इंजीनीरिंग), एमसीए, एमटेक ( कंप्यूटर साइंस ग्रूप), एमटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स ग्रूप), एमपीटी (मस्कूलोस्केलेटल), एमपीटी (न्यूरोलोजी), एमपीटी(स्पोर्ट्स), एमपीटी (कार्डीओपल्मनेरी), एमएससी(योग), मास्टर ऑफ डिजाइन ( इंडस्ट्रियल डिजाइन), मास्टर ऑफ डिजाइन ( इंटीरियर डिजाइन), मास्टर ऑफ डिजाइन ( इंटरएक्टिव डिजाइन), बीएड, बीएड (स्पेशल एजुकेशन), बीएड स्पेशल एजुकेशन( मल्टीपल डिसेबिलिटी) हैं। यूनिवर्सिटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छात्र अधिक जानकारी के लिए यूनिवर्सिटी की अधिकारिक वेबसाइट पर ले सकते हैं।