-24 जनवरी तक भरे जाएंगे फॉर्म, इस बार 81 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में सीयूईटी से प्रवेश होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शैक्षणिक सत्र 2024-2025 के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें 24 जनवरी रात 11.50 तक पंजीकरण किया जा सकता है। प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) स्नातकोत्तर के स्कोर के आधार पर होगा। इस बार 13 हजार 500 सीटों के लिए प्रवेश होगा। डीयू ने इस वर्ष सीयूईटी के जरिये प्रवेश के लिए स्नातकोत्तर के चार और विषय डीयू ने शामिल किए हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के लिए परीक्षा एनटीए मार्च में कराएगी। सीयूईटी स्नातकोत्तर के फॉर्म (pgcuet.samarth.ac.in) पर भरे जा सकते हैं। अगर फॉर्म में कोई सुधार करना होगा, तो 27 जनवरी से 29 तक सुधारा किया जा सकता है। इनकी परीक्षाएं 11 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।
सीयूईटी पीजी परीक्षा फॉर्म के साथ ही छात्र को डीयू पोर्टल पर भी पंजीकरण करना होगा। विश्वविद्यालय ने पीजी कोर्स में दाखिले के लिए वेबसाइट पर जानकारी अपडेट कर दी है। दिल्ली विश्वविद्यालय के पीजी पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए मानदंड admission.uod.ac.in पर देख सकते हैं। पिछले साल डीयू के 58 विभाग व सेंटर के 77 पीजी पाठ्यक्रम की 13500 सीटों पर दाखिले हुए थे। डीयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस बार एमए हिंदू अध्ययन, एमए कोरियन, एमए चाइनीज के साथ मास्टर्स- पब्लिक हेल्थ पाठ्यक्रम शामिल किए हैं। बीते वर्ष इन कोर्स में प्रवेश मेरिट के आधार पर प्रवेश लिए गए थे। उन्होंने बताया कि 81 स्नातकोत्तर विषयों के लिए सीयूईटी के स्कोर के आधार पर प्रवेश लेंगे, पिछले साल यह संख्या 77 थी।
सीयूईटी पीजी 2024
महत्वपूर्ण जानकारी
सीयूईटी पीजी 2024 रजिस्ट्रेशन डेट
24 जनवरी 2024 (रात में 11.50 बजे तक)
फॉर्म में सुधार करने की तिथि 27 से 29 जनवरी 2024 (रात में 11.50 बजे तक)
एडवांस सिटी इंटीमेशन
04 मार्च, 2024
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की तिथि
07 मार्च, 2024
सीयूईटी पीजी परीक्षा
11 मार्च से 28 मार्च, 2024 तक
उत्तर पर आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं
04 अप्रैल, 2024
परीक्षा के लिए कितना समय मिलेगा
1 घंटा 45 मिनट, 3 शिफ्ट में