दोनों बेटियों ने पिता को दी मुखाग्नि, अंतिम संस्कार में दो कैबिनेट मंत्री और कई वरिष्ठ आईएएस-आईपीएस अधिकारी पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। दिवंगत एडीजीपी वाई पूरण कुमार के शव का नौवें दिन पोस्टमार्टम व राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट पर शाम चार बजे दोनों बेटियों ने नम आंखों से पिता के शव को मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के बाद बाहर निकलने कुछ लोगों ने हरियाणा सरकार और अफसरों के खिलाफ नारे भी लगाए।
मंगलवार देर रात पूरण कुमार का परिवार उनके शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हो गया। बुधवार सुबह करीब आठ बजे एसएसपी कंवरदीप कौर सेक्टर-24 स्थित अमनीत पी कुमार के सरकारी आवास पर पहुंचीं। इसके बाद अमनीत पी कुमार, उनकी दोनों बेटियों, विधायक भाई अमित रतन सहित परिवार के अन्य सदस्य पीजीआई पहुंचे। परिवार की मौजूदगी में डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया गया।
दोपहर 2.40 बजे पुलिस ने पूरण कुमार का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद तीन बजे तक परिजन शव लेकर सेक्टर-24 स्थित सरकारी आवास आ गए। हरियाणा सरकार के आईएएस पंकज अग्रवाल और राज नारायण कौशिक सहित अन्य लोगों ने आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। दोपहर 3.30 बजे शव को अंतिम संस्कार के लिए सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट ले जाया गया। मोक्ष-वाहिनी से प्रस्थान के समय लोगों ने पूरण कुमार अमर रहें के नारे लगाए। पोस्टमार्टम हाउस से लेकर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार तक पत्नी अमनीत कुमार को उनके भाई अमित रतन व पारिवार की महिलाएं संभालती रहीं।
अंतिम संस्कार दौरान राज्य सरकार की ओर से दो कैबिनेट मंत्री, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, डीजीपी ओपी सिंह सहित वरिष्ठ आईएएस-आईपीएस अधिकारी, कांग्रेस विधायक व इनेलो के नेता भी पहुंचकर पूरण के अंतिम दर्शन में श्रद्धासुमन अर्पित किया। हालांकि, जिन अफसरों पर पूरण कुमार ने सुसाइड नोट में आरोप लगाए थे वे दिखाई नहीं दिए।
ऐसे बनी पोस्टमार्टम पर सहमति
मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस ने साक्ष्य जुटाने का हवाला देकर पूरण कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अदालत में याचिका दायर की थी। अदालत ने अमनीत कुमार को नोटिस जारी किया था। इससे पहले मंगलवार दोपहर में एएसआई संदीप लाठर ने रोहतक में आईपीएस अधिकारी पूरण कुमार व उनकी पत्नी अमनीत कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस पूरे घटनाक्रम के बीच देर रात परिवार ने चंडीगढ़ पुलिस को पोस्टमार्टम करवाने की सहमति दे दी।