अपर मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट का किया निरीक्षण
-तय समय पर काम करने के दिए निर्देश, एटीसीसी टावर का भी लिया जायजा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा हवाई अड्डे से उड़ान का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे ही अधिकारियों ने एयरपोर्ट की गतिविधियों पर निगाह रखनी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को एयरपोर्ट के कार्य की प्रगति जानने के लिए अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल जेवर पहुंचे। वहां पर रनवे समेत रडार और अन्य उपकरणों की जानकारी ली और अधीनस्थों को दिशा निर्देश भी दिए।
दरअसल, नोएडा एयरपोर्ट से सितंबर में उड़ान प्रस्तावित है और यहां पर करीब 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। जो 20 फीसदी कार्य है उसमें फिनीशिंग समेत उपकरण स्थापित करने और ट्रायल समेत अन्य कार्य शामिल हैं। इन सभी कार्याें को अगले माह तक पूरा करने की तैयारी है। एसपी गोयल ने रनवे से संबंधित जानकारी ली। इसके अलावा रडार, गलाइड पाथ एंटीना समेत अन्य तकनीकी उपकरण लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। टर्मिनल बिल्डिंग और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर का ढांचागत काम तो पूरा हो गया है, लेकिन उनमें जो उपकरण स्थापित किए जाने हैं और व्यवस्थाएं हैं उनका भी बचा हुआ काम ऑटोमेटिक डेपेंडेंट सर्विलांस ब्रॉडकास्ट (एडीएस-बी), एडवांस सरफेस मूवमेंट गाइडेंट्स एंड कंट्रोल सिस्टम (एएसएमजीसीएस), ऑटोमेशन सिस्टम और सरफेस मूवमेंट रडार (एसएमआर) का काम 30 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, हरहाल में तय समय पर काम पूरा कर लिया जाए। इस दौरे में उनके साथ यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह, एसीईओ श्रुति, एसीईओ कपिल कुमार, एसीईओ विपिन जैन और एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया के अलावा निर्माणकर्ता कंपनी ज्यूरिख की ओर से अधिकारी मौजूद रहे।