मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर पीड़ित मरीज ने की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीज से कथित अभद्रता और इलाज के दौरान अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने के मामले में अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने संबंधित डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
जलालपुर निवासी शिवम मिश्रा ने शिकायत में बताया कि 12 मई को उन्हें बिसरख प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उनके दाहिने हाथ की कोहनी में चोट थी। ओपीडी में चिकित्सक ने पहले रक्त जांच कराने की सलाह दी। आरोप है कि दूसरे तल पर स्थित जांच केंद्र में लंबी कतार के बीच मौजूद स्टाफ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और दो दिनों तक चक्कर लगवाए। पीड़ित का कहना है कि किसी तरह जांच पूरी होने के बाद जब वह रिपोर्ट लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे तो उन्हें सर्जरी की सलाह दी गई। ऑपरेशन थिएटर पहुंचे तो वहां मौजूद डॉक्टर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। कथित तौर पर धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इससे आहत होकर उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर अस्पताल की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए।
सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया, संबंधित सर्जन, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से लिखित जवाब मांगा गया है। शिकायत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।