उद्यान विभाग के कार्यों की समीक्षा में 15 सितंबर तक काम पूरा कराने को दिया निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को बोर्ड रूम सभागार में उद्यान विभाग के कार्यों की समीक्षा की। पार्कों के विकास और सौंदर्यीकरण में देरी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिया और स्पष्टीकरण भी मांगा।
उद्यान खंड प्रथम के सेक्टर-62 स्थित डी-पार्क के नवीनीकरण में विलंब पर एसीईओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने हर हाल में 15 सितंबर तक काम पूरा कराने को कहा। वाईआरएफ पार्क के सौंदर्यीकरण में शिथिलता बरतने पर संबंधित उप निदेशक उद्यान और सहायक निदेशक उद्यान खंड प्रथम से स्पष्टीकरण मांगा। उद्यान खंड द्वितीय के अंतर्गत सेक्टर-94 स्थित जापानी पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए। एसीईओ ने कहा कि 15 जुलाई तक पार्क में पौधरोपण पूरा कर लोकार्पण की तैयारी सुनिश्चित की जाए।
उद्यान खंड तृतीय के अंतर्गत सेक्टर-91 के डियर पार्क के कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। सेक्टर-167 में प्रस्तावित लेक-व्यू पार्क का आकलन तीन दिन के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया। बैठक में मानसून के मद्देनजर सभी सेक्टरों में सड़कों किनारे वृक्षों की गहन छंटाई कराने के निर्देश भी दिए।
गर्मी में सुबह 7.30 से काम कराया जाए
बढ़ती गर्मी को देखते हुए संविदाकारों और विभागीय श्रमिकों का कार्य सुबह 7.30 बजे से शुरू कराने के निर्देश दिए गए ताकि दोपहर की तेज गर्मी में कार्य प्रभावित न हो। इसके साथ ही सभी उद्यान अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की आरडब्ल्यूए के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। एसीईओ ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्यान संबंधी समस्याओं पर चर्चा कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।