फोटो8- रानी देवी। स्रोत- परिजन।
- फोटो : संवाद
बांदा। सर्प दंश की शिकार महिला ने अपने बच्चे को दूध पिला दिया। इससे बच्चे की हालत बिगड़ गई, जबकि महिला की मौत हो गई। बच्चे को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति नाजुक बनी है।
कमासिन थाना क्षेत्र के कस्बे के पश्चिम थोक मोहल्ला निवासी कल्लू यादव ने बताया कि उसकी बहू रानी देवी (23) 27 अगस्त को अपनी बड़ी बहन मैकी की ससुराल नरायणपुर गई थी। वहां पहली सितंबर को रात में सोते समय सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर कमासिन सीएचसी पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल, फिर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती रानी देवी ने मंगलवार को अपने डेढ़ वर्षीय बेटे अजय को दूध पिलाया। दूध पिलाने से मासूम अजय की हालत बिगड़ गई। उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। उधर, देर शाम इलाज के दौरान रानी देवी की मौत हो गई।
ससुर कल्लू ने बताया कि 27 अगस्त को रानी का पति रामहित यादव उसे बहन के घर छोड़कर आया था और फिर चेन्नई चला गया था। वह चेन्नई में मजदूरी करता है। उधर, चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र के तेरा खुर्द गांव निवासी रानी के भाई ऋषिकेश ने बताया कि बड़ी बहन के घर के हादसा हुआ है। बच्चा भी भर्ती है।
कमासिन थानाध्यक्ष कुलदीप तिवारी ने बताया कि सर्प दंश से महिला की मौत हुई है। महिला ने अपने बच्चे को दूध पिला दिया था, तो बच्चा भी आईसीयू में भर्ती है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।