देवबंद। विद्युत निगम ने मीटर में छेड़छाड़ करने वाले उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है। इसमें 1100 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनका भार अधिक है और मीटर में रीडिंग कम आ रही है। बृहस्पतिवार (आज) से इन उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच करने के लिए अभियान की शुरुआत की जाएगी।
बिजली चोरी रोकने को लेकर विद्युत निगम लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में निगम अब उन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करने के लिए अभियान शुरु कर रहा है, जिनके आवासों का भार अधिक है, लेकिन उनके मीटरों में रीडिंग कम आ रही है। उपखंड अधिकारी पुलकित टंडन ने बताया कि नगर में कम रीडिंग वाले 2500 उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं, जिनमें 1100 उपभोक्ताओं की सूची तैयार की गई है। ऐसे परिसरों की चेकिंग करने के लिए कई टीमें बनाई गईं हैं, जो बृहस्पतिवार से उनकी जांच करेंगी। यदि मीटर में छेड़छाड़ पाई जाती है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सांपला रोड पर चेकिंग के दौरान चार उपभोक्ता ऐसे पाए गए जिनके मीटर में टैंपरिंग (रीडिंग कम करने के लिए मीटर में छेड़छाड़) पाई गई, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।