A person riding a motorcycle was crushed by a tractor, an accident in Tigra village, angry relatives jammed
फिरोजपुर झिरका। फिरोजपुर झिरका-बीवां मार्ग स्थित तिगरा गांव में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बुधवार शाम मोटरसाइकिल सवार मुद्दीन को कुचल दिया। इससे मुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवा दिया। मृतक की पहचान गांव सहसन थाना पहाड़ी जिला भरतपुर निवासी मुद्दीन पुत्र करीम बक्स के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, मुद्दीन बुधवार शाम को मोटरसाइकिल से गांव हिरवाड़ी से अपनी रिश्तेदारी से लौट रहा था। जैसे ही वह तिगरा गांव पहुंचा तो तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। मुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने फिरोजपुर झिरका-बीवां मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रबंधक रमेश चंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। वहीं, दुर्घटना को अंजाम देकर चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। जांच अधिकारी बनवारी लाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।