भंगेल सीएचसी पर खत्म हुई एंटी रेबीज वैक्सीन व सिरिंज
-सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों की बढ़ी भीड़
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भंगेल सीएचसी पर 15 दिन से एंटी रेबीज वैक्सीन और सिरिंज खत्म है। ऐसे में एंटी रेबीज का इंजेक्शन नहीं लगने पर लोगों को जिला अस्पताल आना पड़ रहा है। सोमवार को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने अधिक संख्या में मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल में रेबीज वैक्सीन का कार्य देख रहे वरिष्ठ फार्मासिस्ट गिरेंद्र चौहान ने बताया, सोमवार को जिला अस्पताल में कुल 480 लोगों ने रेबीज वैक्सीन लगवाई है। इसमें 69 लोग पहली डोज वाले थे, जबकि अन्य 411 लोग दूसरी, तीसरी और चौथी डोज लगवाने आए थे। इस दौरान कुछ लोग भंगेल और आसपास के क्षेत्र से वैक्सीन लगवाने आए थे, उन्होंने बताया कि भंगेल सीएचसी पर वैक्सीन नहीं लगी, ऐसे में जिला अस्पताल आना पड़ा। शहर में कुत्ते काटने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी लावारिस कुत्तों के काटने की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।
सीएचसी पर वैक्सीन खत्म हो गई है ऐसे में हमारी ओर से स्वास्थ्य विभाग को मांग भेजी गई है। जैसे ही सिरिंज मिल जाएंगी वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। डॉ. यतेंद्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, भंगेल सीएचसी