मेरठ। एसपी सिटी आवास के सामने ई-रिक्शा में सवार छात्रा से साथ में बैठे युवक ने छेड़छाड़ कर दी। छात्रा ने एक महिला के साथ मिलकर आरोपी को जमकर पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मवाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक बृहस्पतिवार शाम ई-रिक्शा से जा रहा था। ई-रिक्शा में छात्रा भी बैठी थी। युवक ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत कर दी। छात्रा ने विरोध करते हुए उसे थप्पड़ जड़ दिए। आरोपी ने भागने लगा तो छात्रा ने ई-रिक्शा में सवार महिला के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और जमकर पीटा। इस दौरान मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और आरोपी को पीटने लगी। कुछ लोगों ने मोबाइल से घटना का वीडिया बना लिया। छात्रा बिना तहरीर दिए थाने से चली गई। आरोप है छात्रा की मदद करने वाली महिला से पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया। इस पर महिला ने पुलिसकर्मियों को खरी-खरी सुना दी। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि छात्रा ने तहरीर नहीं दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज कराएगी।