ग्रेटर नोएडा/दादरी। दादरी के धूम मानिकपुर स्थित नवोदय विद्यालय से नौंवी का छात्र लापता हो गया है। स्कूल प्रबंधन ने किशोर छात्र के दीवार फांदकर भागने की आशंका जताई है। स्कूल प्रबंधन ने उसके गुमशुदा होने की एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, स्कूल प्रबंधन से मिली सूचना के बाद उसके माता-पिता भी गौतमबुद्ध नगर पहुंच गए हैं। हालांकि स्कूल से उसके भागने की कारण का पता नहीं चल पाया है।
नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार मिश्र ने दादरी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है कि स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ने वाले मूल रूप से बक्सर बिहार निवासी पंकज कुमार मंगलवार रात से लापता हो गया है। शिकायत में उसके दीवार फांदकर भागने की आशंका जताई गई है। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि उसके माता-पिता को सूचना दी गई थी। बृहस्पतिवार को पिता कन्हैया सिंह समेत अन्य परिजन गौतमबुद्ध नगर आ गए थे। छात्र के दिल्ली में रहने वाले अपने रिश्तेदार के पास जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजन और पुलिस उसे ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, यह सवाल उठ रहा है कि यदि छात्र भागा है तो इसके क्या कारण थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने मामले की जानकारी दी थी। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने संबंधित कोतवाली में शिकायत भी दी गई है। छात्र को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में दादरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र में अभी किशोर की तलाश की जा रही है।