ग्रेटर नोएडा। दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त उपक्रम इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड (आईआईटीजीएनएल) में पांच कंपनियां 3710 करोड़ रुपये निवेश कर रही हैं। इससे करीब 9225 युवाओं को रोजगार मिलेगा। टाउनशिप में ग्रेनो प्राधिकरण इसी माह औद्योगिक भूखंड योजना लांच करने जा रहा है। इसके अंतर्गत करीब 4 एकड़ से लेकर 13.5 एकड़ तक प्लॉट शामिल हैं। प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने टाउनशिप के विकास कार्यों, सड़कें, ग्रीनरी आदि का निरीक्षण किया।
जेवर में एयरपोर्ट को हरी झंडी मिलने के बाद से ही क्षेत्र में बड़ी कंपनियों का रुझान बढ़ता जा रहा है। कंपनियां यहां निवेश को लगातार उत्सुक हैं। इसी कड़ी में प्राधिकरण और डीएमआईसी के संयुक्त उपक्रम आईआईटीजीएनएल की तरफ से करीब 750 एकड़ में इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप बसाई जा रही है। इसमें हायर इलेक्ट्रॉनिक्स, फोर्मे मोबाइल, सत्कृति इंफोटेनमेंट, चेनफेंग (एलईडी कंपनी) और जे वर्ल्ड इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। सीईओ ने इंटीग्रेटेड टाउनशिप में औद्योगिक योजना शीघ्र लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हायर कंपनी की साइट का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने कंपनी की तरफ से प्रस्तावित पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। सीईओ ने टाउनशिप में और अधिक ग्रीनरी विकसित करने के निर्देश दिए।
---
निवेश करने वाली पांच कंपनियां
कंपनी निवेश रोजगार
हायर कंपनी 3069 5000
फोर्मे मोबाइल 100 600
सत्कृति इंफोटेनमेंट 235 2000
चेनफेंग (एलईडी) 206 1100
जे वर्ल्ड इलेक्ट्रॉनिक्स 100 525
कुल 3710 9225
(नोट - निवेश की रकम करोड़ में है।)