ग्रेटर नोएडा। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग ने सहायता प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत जिले के 85 दिव्यांग छात्रों को 6-6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा 109 छात्रों को 2-2 हजार रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा।
बीएसए राहुल पंवार ने बताया कि दिव्यांग छात्रों की सुविधा के लिए 8 अगस्त से विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीकी टीम की ओर से बच्चों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर उनकी जरूरत के अनुसार निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग छात्रों को पढ़ाई में आने वाली परेशानियों को कम करना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है। सहायता राशि से छात्र शैक्षणिक सामग्री समेत अन्य आवश्यक जरूरतें पूरी कर सकेंगे। जांच के बाद पात्र छात्रों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र और दृष्टिबाधित छात्रों के लिए अध्ययन सामग्री सहित अन्य उपकरण वितरित किए जाएंगे। कुल 165 दिव्यांग छात्रों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण दिए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार पूरी प्रक्रिया निशुल्क होगी और किसी भी छात्र से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ब्यूरो