नोएडा। अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डर के प्रबंध निदेशक सहित आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली फेज-1 पुलिस ने प्रबंध निदेशक अवधेश गोयल, अतुल गुप्ता, विकास गुप्ता, रजनीश मित्तल, रमन धवन, अंकुर गोयल, अमिताभ सिन्हा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डर ने कॉमर्शियल स्पेस बुक कराने के नाम पर 27 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गाजियाबाद निवासी अशोक कुमार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि सेक्टर-16 स्थित अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डर की तरफ से कई माध्यमों में एक विज्ञापन दिया गया था। इसमें बताया गया था कि बिल्डर ग्रुप की तरफ से ग्रेटर नोएडा में एक कॉमर्शियल प्रोजेक्ट लांच किया जा रहा है। इसमें कई तरह के लुभावने ऑफर दिए गए थे। आरोप है कि इस लुभावने ऑफर के झांसे में आकर उन्होंने ग्रेटर नोएडा के अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डर के एक प्रोजेक्ट में कॉमर्शियल जगह बुक कराई। इसके लिए उन्होंने 27 लाख रुपये का भुगतान किया था। आरोप है कि बिल्डर ने उनसे पैसे लेने के बाद कोई कॉमर्शियल स्पेस नहीं दिया। साथ ही पैसे भी नहीं लौटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।