तीन दिन में क्यूआर कोड से बिलिंग की 78 शिकायतें दर्ज
7 दिन में होगा समस्या का निस्तारण, बिजली दफ्तरों के चक्कर से मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बिजली बिल संबंधी शिकायतों के लिए अब उपभोक्ताओं को लंबी लाइनें लगाने या बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से शुरू की गई क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था को उपभोक्ताओं का बेहतर परिणाम मिल रहा है।
सुविधा शुरू होने के तीन दिनों के भीतर ही बिलिंग संबंधी 78 शिकायतें दर्ज की गई हैं। विद्युत निगम के बिलिंग कार्यालय के लेखाकार वैभव मित्तल के अनुसार, हर दिन बिजली विभाग के कार्यालयों में बिलिंग और मीटर संबंधी औसतन 100 से अधिक शिकायतें पहुंचती हैं। उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने और उसके फॉलोअप के लिए कई बार कार्यालय आना पड़ता था। यहां तक कि ग्रेटर नोएडा जैसे 30 किलोमीटर दूर इलाके से सेक्टर 18 स्थित बिलिंग कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे। इसी समस्या को दूर करने के लिए रविवार से जिले में हाईटेक हेल्पलाइन सुविधा लागू की गई है। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता निगम द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे गूगल फॉर्म पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग को सूचना भेज दी जाती है। विभाग का दावा है कि शिकायतों का निस्तारण सात दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। समाधान होने के बाद उपभोक्ता को ई-मेल के जरिए जानकारी भी दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे शिकायतों की मॉनिटरिंग आसान होगी और उपभोक्ताओं को बार-बार हेल्पलाइन या कार्यालय से संपर्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पूरी व्यवस्था की निगरानी अधिकारी स्तर से की जा रही है ताकि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
सबसे ज्यादा आई बिल जनरेट न होने की शिकायतें
शहरवासियों ने क्यूआर कोड के जरिए सबसे ज्यादा पुराने बिल जनरेट न होने की शिकायत की। इस पर अधिकारियों ने बताया कि जब मीटर प्रीपेड हो रहे थे, तब तक का बिल जनरेट नहीं हुआ, जिसके चलते लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। जब अचानक से एक साथ बढ़ा हुआ बिल पहुंचा तो लोगों ने इसकी शिकायत की। हालांकि अब इस समस्या को तेजी से दूर किया जा रहा है।
वर्जन
बिलिंग संबंधी शिकायतों के लिए क्यूआर कोड के जरिए घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। इससे कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। -संजय कुमार जैन, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम, गौतमबुद्ध नगर