नूंह। जिले में बुधवार देर रात कोरोना से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जिले में कुल 12 मरीजों की जान जा चुकी है। नूंह खंड के रायपुरी गांव निवासी युवक मौत हुई है। मौत से चार घंटे पहले ही उसमें कोरोना की पुष्टि हुई थी। परिजनों के अनुसार मृतक युवक गले में गांठ की बीमारी से पीड़ित था। उसका एक फेफड़ा भी खराब हो गया था। उसकी ज्यादा तबियत खराब होने से पहले परिजनों से उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद उसे नलहड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
बुधवार देर रात युवक की तबियत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में उसने दम तोड़ दिया। वहीं बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना के सात नए मामले सामने आए। साथ ही 17 मरीजों के ठीक होने की खबर भी मिली। सलंबा में 1, ननकपुर पुन्हाना में 1, तावडू में 2, नूंह में 1 और पुन्हाना में दो मामले सामने आए। बुधवार को 13 नए मामले सामने आए थे।
जिले में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस बीच मरीजों के ठीक होने की खबरें भी मिल रही है, जोकि राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग लोगों की जांच में दिन-रात जुटा हुआ है। सिविल सर्जन जेएस पुनिया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग संदिग्धों की जांच कर रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना मरीजों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच कर रही है। लोगों को भी ऐसे में जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।
बता दें, कि जिले में कोरोना के 65 मरीज हैं। कुल 535 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 458 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं 12 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में 13825 लोगों को सर्विलांस पर रखा जा चुका है, जिनमें से 10392 लोगों का निगरानी समय पूरा हो चुका है। 3433 लोगों की निगरानी जारी है। 12813 लोगों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 12106 की निगेटिव रिपोर्ट आई है । 156 की रिपोर्ट आनी बाकी है।