एनएचएम हड़ताल : एंबुलेंस सेवा ठप, मरीज परेशान
नगीना। जिला अस्पताल मांड़ीखेड़ा परिसर में हरियाणा स्वास्थ्य मिशन के अस्थाई कर्मचारियों के धरने के कारण रविवार को स्वास्थ्य सेवाएं बुरी प्रभावित हुईं। कर्मचारियों ने सैनिकों की शहादत पर तीसरे दिन मौन व्रत का पालन करते हुए हड़ताल को जारी रखा। हड़ताल से एंबुलेंस सेवा ठप रही। इलाज कराने आए मरीज परेशान रहे विशेषकर डिलीवरी के लिए आईं महिलाओं को परेशानी हुई। सरकारी अस्पताल में ईसीजी, ब्लड ग्रुप जांच और टीकाकरण नहीं होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लगातार हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गईं है। लोग यहां भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में लेकर जा रहे हैं। मरोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेत जिलेभर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं हड़ताल के कारण बाधित हैं। मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों में अपना इलाज कराने को मजबूर हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारी यूनियन के प्रधान रेहान रजा ने बताया कि सरकारी अधिकारियों की मनमानी के चलते मजबूरी में हड़ताल करनी पड़ रही है। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं हैं, जिससे अस्थाई कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा नियम का लाभ अभी तक पूरी तरह नहीं मिल सका है। चुनावी घोषणापत्र में एनएचएम कर्मचारियों को समान कार्य, समान वेतन और नियमित करने पर भी हरियाणा सरकार ने अमल नहीं किया। मौके पर अनिल राज, डॉ अरशद, कमला देवी, रेणु, अनुपमा, वसीम अली, डॉक्टर जुबेर, वसीम, शाकिर और फारुख आदि लोग मौजूद रहे।