पुन्हाना/नूंह। दिल्ली-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग 248ए पर मालब गांव के पेट्रोल पंप के समीप हाईवा ने थ्री व्हीलर को टक्कर मार दी थी। इसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसमें चार महिलाएं और दो बच्चे शामिल है। मृतकों में तीन महिलाएं गर्भवती थीं। वहीं दो बच्चों सहित तीन लोग घायल हुए हैं जिनका शहीद हसन खां मेडिकल कॉलज में इलाज चल रहा है। सभी मृतक राजस्थान के कुलावट (चूहूडपुर) गांव के रहने वाले हैं। एक ही परिवार से छह लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर सोमवार को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हाईवा को अपने कब्जे में ले लिया है और घटना स्थल से फरार हुए आरोपी चालक की पुलिस तलाश में जुट गई है।
राजस्थान के कुलावट (चूहूडपुर) निवासी राशिद ने बताया कि नगीना खंड के गांव राजाका में उसकी नानी बीमार थी। जिन्हें देखने के लिए परिवार की महिलाओं के साथ वह भी गया था। उन्होंने बताया कि जब रविवार की देर शाम गांव राजाका से वापस आ रहे थे तो गांव मालब के नजदीक एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनके थ्री व्हीलर में जोर की टक्कर मार दी। जिसमें तबस्सुम पत्नी समयदीन (22 वर्ष), मुमताज पत्नी साजिद (25 वर्ष), जमशीदा पत्नी राशिद (32 वर्ष), जन्नती पत्नी वली मोहम्मद (58 वर्ष), अनस पुत्र साजिद (5 वर्ष) और शिफा पुत्री शमसुद्दीन ( दो वर्ष) की मौत हो गई।राशिद, अहसान और फलक गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वाली महिलाओं में तबस्सुम 6 माह, मुमताज 9 माह और जमशीदा 7 माह की गर्भवती थीं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी छह शवों को पोस्टमार्टम कराकर आज परिजनों को सौंप दिया है। हाईवा को अपने कब्जे में ले लिया हैं। चालक की तलाश की जा रही है जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।