फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

33 हजार लोगों को जल्द की समस्या से मिलेगी निजात, गांव पाठखोरी में सीएम ने जल संसाधन बांध परियोजना का किया शुभारंभ

विज्ञापन
गांव पाठखोरी में बांध परियोजना का भूमि पूजन करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल। - फोटो : Gurgaon
विज्ञापन
नूंह। मुख्यमंत्री (सीएम) मनोहर लाल ने रविवार को फिरोजपुर झिरका उपमंडल के गांव पाठखोरी में जल संसाधन बांध परियोजना का भूमि पूजन कर प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद करीब 33 हजार लोगों को जल की समस्या से निजात मिलेगी। सीएम ने कहा कि उन्हें बताया गया कि यहां पानी का स्तर बहुत कम है और जो पानी है, वो भी खारा है। हमने यहां पानी के लिए 263 करोड़ रुपये की परियोजना बनाई। इस योजना के लिए मुख्यमंत्री कोष से 50 लाख की सहायता देंगे। ऐसी योजना के लिए हमें जनभागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। केवल यहां नहीं बल्कि शिवालिक, अरावली सभी श्रृंखला में बांध बनाने का काम किया जाएगा। मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य फसलों की बिजाई करने पर प्रति एकड़ 7 हजार रुपये किसान को दिए जाते हैं। उत्तर हरियाणा में धान अधिक उगाया जाता है, इसलिए सरकार का प्रयास है कि वहां से पानी बचाकर इसका सही वितरण करते हुए दक्षिण हरियाणा में लाया जा सके।
विज्ञापन

इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला सचिवालय स्थित सभागार में आकांक्षी जिला रूपांतरण कार्यक्रम के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नूंह जिले का सर्वांगीण विकास करवाया जाएगा और विकास के मामले में नूंह को अग्रणी जिला बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री स्वयं समय-समय पर इस कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हैं। प्रधानमंत्री का फोकस है कि जो जिले विकास में पीछे हैं, उन्हें आगे लाया जाए। नीति आयोग द्वारा भी आकांक्षी जिला रूपांतरण कार्यक्रम के तहत नूंह जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास व बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा की जाती है।
विकास के लिए बजट की कमी नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नूंह जिले के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। प्रदेश सरकार इस जिले को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम कर रही है। जिले के स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में सरकार सजग है और जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां पर शिक्षकों की व्यवस्था के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
विज्ञापन

स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नूंह जिले में संस्थागत डिलीवरी के क्षेत्र में हुई प्रगति और बालिका शिक्षा वाहिनी शुरू करने के प्रयासों की सराहना की है, लेकिन अभी स्वास्थ्य और बच्चों के पोषण के लिए और काम किए जाने हैं। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से तेजी से कार्य किए जाएं। जरूरी बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए।
माइक्रो सिंचाई प्रणाली से जोड़ेंगे
सीएम ने कहा कि कृषि, ग्रामीण विकास एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम नूंह जिले में छोटे-छोटे बांध के लिए संभावनाओं की तलाश करें, क्योंकि जो क्षेत्र ट्यूबवेल या कैनाल से कवर नहीं होते हैं, वहां के किसानों को माइक्रो सिंचाई प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इस कार्य में विभिन्न एनजीओ भी सहयोग करने का तैयार हैं। हरियाणा तालाब और अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण ने भी यहां के 230 तालाबों को जीर्णोद्धार के लिए चयनित किया है।
फसल बीमा योजना के तहत किसानों को जोड़ें
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत भी यहां के किसानों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाए। इसके लिए किसानों को योजना के फायदे बताएं जाएं, ताकि किसानों को फसलों के नुकसान का लाभ मिल सके। फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को सेमिनार और गोष्ठियों से शिक्षित किया जाए।
युवाओं को बनाया जाएगा दक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय समावेशन के तहत मुद्रा ऋण, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं से जोड़कर जिलावासियों को इसका लाभ दिया जाएगा। कौशल विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत युवाओं को दक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा अन्य बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से काम किए जा रहे हैं। इस मौके वर्चुअल माध्यम से चंडीगढ़ से मुख्य सचिव हरियाणा संजीव कौशल और मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी तथा नूंह में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर, फरीदाबाद मंडल आयुक्त संजय जून, आईजी रवि किरण, डीसी अजय कुमार, एसपी वरुण सिंगला, सीएम के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, मीडिया कोऑर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, पूर्व विधायक जाकिर हुसैन सहित अन्य विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें