नगीना/फिरोजपुर झिरका। मेवात अपराध शाखा ने राजस्थान से जिले में लाए जा रहे गोवंश के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 6 गोवंश भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें फिरोजपुर झिरका की गोशाला में छोड़ दिया गया है। तस्करों के तीन साथी मौके से भागने में कामयाब रहे। सभी छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर हाईवा गाड़ी को फिरोजपुर झिरका पुलिस थाने के हवाले कर दिया गया है। चश्मदीदों ने बताया कि पुलिस ने तस्करों को रोकने के लिए हवाई फायर किया था। मिली जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से सटे गांव शाहपुर खेड़ा में बुधवार रात गोवंश तस्कर एक हाईवा में जा रहे थे। सूचना के आधार पर मेवात की अपराध शाखा ने मौके पर पहुंचकर दबिश दिया।
एएसआई रमेश चंद ने बताया कि मेरे अलावा गठित टीम में हवलदार हरिप्रेम, सरफुद्दीन, महिपाल शामिल थे। हमने शाहपुर खेड़ा के पास नाका लगा दिया। पुलिस को देख कर हाईवा चालक ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया। लेकिन मुस्तैद जवानों ने गाड़ी को रुकवा लिया। तीन आरोपी मौके पर ही पकड़ लिए गए। पकड़े गए आरोपितों में पलवल जिले के गांव उटावड़ निवासी रईस, भरतपुर जिला के घाटमीका गांव निवासी ताहिर, नूंह जिले के गांव बडेड़ निवासी मुस्तकीम शामिल हैं।