ग्रेटर नोएडा। विधानसभा चुनाव का टिकट पाने के लिए अलग-अलग दल के नेताओं ने किस कदर पैसा बहाया। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले में 22,121 सार्वजनिक स्थानों से 27,463 वॉल पेंटिंग, बैनर और पोस्टर लगे थे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने इन सभी को हटा दिया है। वहीं निजी संपत्ति से बैनर और पोस्टरों को हटाने का काम शुरू हो गया है जो मंगलवार तक जारी रहेगा।
आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही जिला प्रशासन ने शनिवार से सार्वजनिक स्थान, स्थानीय निकायों और निजी संपत्ति से राजनीतिक दलों के नेताओं के बैनर और पोस्टर को हटाना शुरू कर दिया है। पहले 24 घंटे में सार्वजनिक स्थानों, 48 घंटे में स्थानीय निकाय और 72 घंटे में निजी संपत्ति से बैनर और पोस्टरों को हटाया जाना है। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार यह कार्य कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक तीनों विधानसभा में 27,463 बैनर, पोस्टर, वॉल पेंटिंग और अन्य प्रचार सामग्री को हटाया गया है। यह प्रचार सामग्री बस स्टैंड, बिजली के पोल, एफओबी, रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे थे।
वहीं निजी संपत्ति से भी प्रचार सामग्री को हटाने का अभियान चल रहा है। अभी तक 340 घरों की दीवार पर लिखी प्रचार सामग्री को मिटाया जा चुका है। जबकि 2059 पोस्टर, 1071 बैनर और 77 अन्य प्रचार सामग्री को हटाया गया है। कुल 3547 बैनर, पोस्टर व अन्य को हटाया गया है।
सार्वजनिक स्थानों से हटाई गई प्रचार सामग्री
प्रचार सामग्री संख्या
वॉल पेंटिंग 1088
पोस्टर 13092
बैनर 11316
अन्य सामग्री 1967
आदर्श आचार संहिता का सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा। सभी सार्वजनिक व निजी संपत्ति से प्रचार सामग्री को हटा दिया गया है। अगर कोई पार्टी फिर से प्रचार सामग्री लगाती है तो उसे जब्त कर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. नितिन मदान, (एडीएम प्रशासन) व प्रभारी एमसीसी