चिंतपूर्णी/भरवाईं (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में लगभग एक महीने बाद रौनक लौट आई हैं। शारदीय नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ देख बाजार के दुकानदार भी चहक उठे।
दोपहर तक मंदिर के आसपास भक्तों की लाइनें देखने को मिलीं। शारदीय नवरात्र के पहले दिन माता चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारियों, मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल और सुरक्षा अधिकारी सेवानिवृत्त कर्नल मुनीश इत्यादि ने हवन कुंड में आहुतियां डाल कर माता रानी से सुख-शांति के लिए प्रार्थना की और नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया।
शारदीय नवरात्रों के पहले दिन मां चिंतपूर्णी के दरबार में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सूरज निकलने से पहले ही मंदिर के द्वार पर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा वातावरण माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि पहले नवरात्र पर करीब 25,000 श्रद्धालुओं ने मां के पावन दरबार में हाजिरी लगाई।
उन्होंने कहा कि मंदिर प्रबंधन की ओर से भक्तों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मार्ग पर प्रसाद, चुनरी, फूल-मालाओं और पूजा सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और होमगार्ड तैनात किए हैं। वहीं चिकित्सा सुविधा, पीने के पानी और सफाई व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल और पड़ोसी राज्यों से आए भक्त मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर नवरात्र के इस पावन पर्व का शुभारंभ करते दिखाई दिए। वहीं रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित मंदिर को देखते ही श्रद्धालु आनंद से प्रफुलित हो रहे हैं। दर्शनों के लिए नूरमहल से आई ज्योति का कहना है कि काफी समय बाद मंदिर आए हैं। मंदिर की सजावट देखने वाली है, हमने काफी फोटो भी खींची। पंजाब के मोगा से आए सुरजीत और ऊना के प्रिंस शर्मा का कहना था कि मंदिर में पहले नवरात्र पर माता रानी के दर्शनों का सौभाग्य मिला।