- शाहबेरी गांव के फ्लैट से तीन लाख कीमत के पटाखे जब्त, फ्लैट मालिक गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने शाहबेरी गांव के एक फ्लैट से 25 कार्टन में भरे प्रतिबंधित पटाखों की खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से आरोपी फ्लैट मालिक बुलंदशहर निवासी नितिन गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दीपावली पर ऊंची कीमतों पर बेचने के मकसद से बादलपुर कोतवाली क्षेत्र से पटाखे खरीदे था। पुलिस बादलपुर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
बिसरख कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि शाहबेरी गांव के बालाजी एन्क्लेव की एक बिल्डिंग के फ्लैट में पटाखें रखे जाने की सूचना मिली थी। दबिश में फ्लैट में 25 कार्टन में भरे करीब तीन लाख रुपये कीमत का प्रतिबंधित पटाखे मिले। मौके से आरोपी नितिन गर्ग को गिरफ्तार किया गया। आरोपी अपने परिवार के साथ उसी फ्लैट में रहता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में व्यक्ति से इन पटाखों को खरीदा था। दीपावली के आसपास ऊंची कीमतों पर पटाखों को बेचने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी निजी कंपनी में नौकरी करता है।
घनी आबादी के बीच पटाखों से बड़े हादसे का खतरा
शाहबेरी गांव की घनी आबादी है। वहां बड़ी-बड़ी बिल्डिंग बनी है। जो 4 से 5 मंजिला ऊंची है। जिस बिल्डिंग में आरोपी रह रहा है, वो चार मंजिला थी। उसमें 15 से अधिक फ्लैट हैं। सभी में परिवार रह रहे है। घनी आबादी के बीच फ्लैट के अंदर रखे पटाखों से बड़ा हादसा होने का खतरा था। अगर पटाखों में आग लग जाती तो आग पर काबू पानी मुश्किल था। बिल्डिंग के साथ आसपास के मकान भी प्रभावित हो सकते थे।