पुन्हाना/नूंह। नूंह से राजस्थान बॉर्डर तक 248ए राष्ट्रीय मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर बुधवार को मेवात के सैकड़ों समाजसेवियों व युवाओं ने बड़कली चौक से नूंह तक करीब 22 किलोमीटर पैदल मार्च कर सरकार से बनाने की मांग रखी। पैदल मार्च कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं व इलाके के युवाओं की हौसला अफजाई के लिए कांग्रेस विधायक दल के उप नेता व नूंह से कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद व फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मम्मन खान, राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी रजिया बानो, 65 वर्षीय वरिष्ठ समाजसेवी एवं हमारा अधिकार मोर्चा के संरक्षक पूर्व सरपंच फजरुद्दीन बेसर ने युवाओं के साथ पैदल मार्च में शामिल होकर हौसला अफजाई की। बाद में नूंह पहुंचकर उपायुक्त की मार्फत राष्ट्रपति और केंद्रीय परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे युवाओं ने बड़कली चौक से हाथों में बैनर लेकर पैदल यात्रा शुरू की और चार बजे नूंह मिनि सचिवालय पहुंचे।
65 वर्षीय वरिष्ठ समाजसेवी पूर्व सरपंच फजरुद्दीन बेसर ने कहा कि 2008 में इस सड़क को फोरलेन बनाने के लिए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी ने नूंह में शिलान्यास किया था लेकिन तब से लेकर आज तक इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। मेवात के लोगों को बरगलाने के लिए राज्य सरकार कभी 297 करोड़ तो कभी 187 करोड़ रुपये का बजट में प्रावधान करने की घोषणा कर रही है। पिछले पांच साल में इस सड़क पर तीन हजार से अधिक मौतें हो चुकी है। उन्होंने कहा जब तक सरकार नूंह से राजस्थान बॉर्डर तक इस खूनी सड़क को फोरलेन नहीं बनाती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा गत वर्ष 30 मार्च 2021 को भी सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ उसने भी 22 किलोमीटर तक पैदल मार्च किया था।
राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी रजिया बानो, कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष नेहा खान ने कहा उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी मेवात की एक रैली में नूंह से राजस्थान बॉर्डर तक फोरलेन बनाने की घोषणा कर चुके है। जबकि वह बजट में 292 करोड़ रुपये के प्रावधान की बात कर चुके हैं हालांकि अब वह इस बात से इंकार कर रहे हैं। जब तक फोरलेन नहीं बनेगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा।