-------
हेडिंग
देवरिया जिला जेल के डिप्टी जेलर समेत चार निलंबित
क्रॉसर
- जेल अधीक्षक व जेलर के खिलाफ होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
- जेल में माफिया के व्यापारी से मारपीट और धमकाने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ/देवरिया। देवरिया जिला जेल में बंद माफिया व पूर्व सांसद अतीक अहमद के रियल एस्टेट कारोबारी के अपहरण और जेल से ही रंगदारी मांगने के मामले में सोमवार को डिप्टी जेलर देवकांत यादव, हेड वार्डर मुन्ना पांडे, वार्डर राकेश शर्मा व राम आसरे को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय, जेलर मुकेश कटियार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
लखनऊ के प्रॉपर्टी डीलर मोहित जायसवाल ने कृष्णानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अतीक अहमद के गुर्गे ने उन्हें अगवा कर देवरिया जेल ले गए। वहां उनके साथ मारपीट कर धमकी देते हुए जबरन 45 करोड़ रुपये की संपत्ति लिखवा ली। शासन ने इसकी जांच एडीजी जेल को सौंपते हुए 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की थी। रिपोर्ट आने के बाद उक्त कार्रवाई की गई।
---
अतीक को देवरिया से बरेली जेल भेजा
देवरिया। अतीक अहमद को सोमवार देर शाम देवरिया से बरेली जिला जेल के लिए रवाना कर दिया गया। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार के आदेश के बाद भारी फोर्स की सुरक्षा में उसे बरेली जेल ले जाया गया। अतीक के जाने के बाद जेल और जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
अप्रैल 2017 में नैनी सेंट्रल जेल से अतीक को देवरिया लाया गया था। करीब पौने दो साल के दौरान जेल से रंगदारी मांगने, आपराधिक साजिश रचने, मोबाइल के इस्तेमाल, अफसरों से अभद्रता, दबंगई सहित तमाम शिकायतों से जेल प्रशासन की खूब किरकिरी होती रही है। उसकी जेल बदलने के लिए कई बार पत्राचार भी किया गया था।
----
आरोप - मोहित हड़पना चाहता है रुपये
देवरिया। माफिया अतीक अहमद से जेल में मुलाकात कर निकली पत्नी शाइस्ता परवीन ने चौंकाने वाली बात कही। उसने मोहित जायसवाल से पारिवारिक व कारोबारी संबंध होने का दावा करते हुए कहा कि मोहित के कारोबार में कई अफसरों व नेताओं के करोड़ों रुपये लगे हैं। रकम हड़पने के लिए ही उसने ऐसे आरोप लगाए हैं, ताकि कोई उससे पैसा मांगने की हिम्मत न करे। शाइस्ता ने इस मामले में सीएम से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग करने की बात भी कही है।
----
छापेमारी की सूचना लीक, खाली हाथ लौटी टीम
देवरिया। जेल में छापा मारने निकले अफसरों से पहले उनकी सूचना जेल तक पहुंच गई और वहां सब कुछ मैनेज हो गया। करीब ढाई घंटे तक छानबीन के बाद भी कोई आपत्तिजनक सामग्री प्रशासन के हाथ नहीं लगी। मौका पाकर कुछ सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दिए गए। हालांकि बाहुबली अतीक की सात नंबर बैरक में काजू, किशमिश, अखरोट, छुहारा, बिस्किट और फल जरूरत से अधिक मात्रा में रखे मिले। इस पर डीएम ने जेल अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई।
----
रजिस्टर में सिर्फ दो की इंट्री, फुटेज में दिख रहे कई
देवरिया। एडीएम प्रशासन राकेश पटेल के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने जेल में 26 दिसंबर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें कई फुटेज गायब मिले। मुलाकाती रजिस्टर में मोहित जायसवाल और सिद्दीकी का नाम दर्ज मिला, लेकिन फुटेज में अतीक की बैरक की ओर आने-जाने वालों की संख्या अधिक दिख रही है। रजिस्टर में मुलाकातियों का जाने और निकलने का टाइम दर्ज नहीं किया गया है। सजायाफ्ता कैदियों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने मुंह नहीं खोला।