नोएडा। देशभर के हजारों लोगों के साथ ड्राई फ्रूट्स खरीदने के नाम पर 200 करोड़ से अधिक की ठगी कर फरार होने वाले आरोपियों पर कमिश्नरेट पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी में है। इस मामले में गठित एसआईटी ने शुक्रवार को एक ई-मेल आईडी जारी किया है। ई-मेल आईडी पर पीड़ित शिकायत भेेज सकते हैं। नोएडा पुलिस प्राप्त शिकायतों की जांच करेगी। इस मामले में पुलिस की अलग-अलग टीम एनसीआर व अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।
नोएडा जोन के एसीपी-दो रजनीश वर्मा ने बताया कि एसआईटी की टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की गहनता से पड़ताल की जा रही है। शुक्रवार को एसआईटी ने acpnoida.sit@gmail.com ईमेल जारी किया है। इस पर देश भर के पीड़ित जिनके साथ मास्टरमाइंड मोहित गोयल एंड कंपनी ने ठगी की है, वह अपनी शिकायत भेज सकते हैं। एसीपी ने बताया कि एक-दो दिन में एक मोबाइल नंबर भी जारी किया जाएगा। एसआईटी द्वारा जारी किया गया ईमेल आईडी की पुलिस टीम रोजाना जांच करेगी और इस में आए सभी आवेदनों को जांच में सम्मिलित करेगी। वहीं, अब पुलिस फरार आरोपियों के खिलाफ इनाम घोषित करने की तैयारी में है। फरार आरोपियों में सुमित यादव, विजय सिंह समेत अन्य आरोपियों पर जल्द ही इनाम घोषित किया जाएगा।
पुलिस ने सोमवार को सेक्टर-62 स्थित में दुबई ड्राई फ्रूट्स कंपनी के मास्टरमाइंड मोहित गोयल और एमडी ओमप्रकाश जांगिड़ को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि इन आरोपियों ने देश भर के करीब 1000 से अधिक लोगों से 200 करोड़ से अधिक की ठगी की है। आरोपियों ने अब तक छह अधिक फर्जी कंपनियां बनाकर अलग-अलग शहरों में फर्जीवाड़ा किया था। गिरफ्तार आरोपी मोहित गोयल वर्ष 2017 में रिंगिंग बेल और फ्रीडम कंपनी के फर्जीवाड़े मामले में भी जेल जा चुका है।
2000 से लोगों से फर्जीवाड़े की आशंका
ड्राई फ्रूट खरीदकर धोखाधड़ी के मामले में देश भर के पीड़ित लगातार नोएडा पुलिस से संपर्क कर रहे हैं। शुक्रवार को भी बिहार और पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर के राज्यों के कई पीड़ितों ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस मामले में 2000 लोगों से धोखाधड़ी की आशंका जता रही है। इनमें एनसीआर के करीब 200, अरुणाचल प्रदेश के 684 लोग शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, नागालैंड, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, समेत अन्य राज्यों के पीड़ित शामिल हैं।