2.35 lakh looted from bjp district vice presidents son
तावड़ू। भिवाड़ी रोड पर गुरुग्राम भाजपा जिला उपाध्यक्ष के बेटे से बदमाशों ने हथियार के बल पर मारपीट, हवाई फायरिंग कर 2 लाख 35 हजार रुपये लूट लिए। तावडू सदर पुलिस ने 6 नामजद सहित 20 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला गुरुग्राम स्थित गांव सांपकी निवासी रूपेश कुमार पुत्र हरवीर सिंह ने बताया कि रविवार को वह स्कॉर्पियो से अपने ऑफिस भिवाड़ी जा रहा था। इस दौरान उनके साथ ऑफिस का कर्मचारी गुणवीर सिंह निवासी भिवाड़ी भी था। रूपेश का आरोप है कि शाम करीब 6 बजे जब वह भिवाड़ी रोड पर अतीत मोड़ तिराहा पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो करीब 15 से 20 बदमाश हथियार और लाठी-डंडें लिए खड़े थे। जबरन उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। इस दौरान एक बदमाश ने उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली और उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। बदमाश उसका अपहरण कर एक गाड़ी में ले जाने लगे। तभी वहां पर सतीश निवासी जोगीपुर और बिल्लू निवासी रामपुरा के अलावा आसपास के लोग आ गए, जिन्होंने बदमाशों से छुड़वाने की कोशिश की। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनके ऊपर पिस्तौल से हवाई फायरिंग कर दी। रूपेश ने बताया कि आरोपियों ने उनकी गाड़ी से एक बैग निकाल लिया, जिसमें 2 लाख 35 हजार रुपये की नकदी थी। बदमाशों ने उनकी जेब से मोबाइल और सोने की चेन भी छीन ली। रूपेश का आरोप है कि फायरिंग करने वाला जाकिर निवासी गुरनावट है। शाहिद, हस्सू, साकिर और जमील निवासी गुरनावट ने उनके साथ लूटपाट की। घटना के बाद घायल रूपेश को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में रोष है। जिला गुरुग्राम भाजपा उपाध्यक्ष हरवीर सिंह आधाना भी सोमवार सुबह तावडू भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ तावडू सदर थाने पहुंचे। उन्होंने तावडू सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
तावडू सदर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी जाकिर, महबूब मिस्त्री, शाहिद, हस्सू, शाकिर, जमील सहित 15-20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।