नोएडा। शासन के दिशा-निर्देशों के तहत मैरिज होम समेत अन्य स्थानों पर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत बृहस्पतिवार को 18 डीजे को जब्त कर 17 संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मीडिया सेल के मुताबिक, उच्च न्यायालय की तरफ से ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्देशों के पालन में शासन की तरफ से निर्देश दिए गए थे। इसके तहत धार्मिक गुरुओं और डीजे संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर डेसीबल मीटर की सहायता से ध्वनि प्रदूषण की जांच कर मामले दर्ज किए गए। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने 5, दादरी ने 5, बीटा दो ने दो, दनकौर ने चार, ईकोटेक-3 ने 1 व जेवर पुलिस ने 1 डीजे को वाहन के साथ जब्त कर लिया।
डेसीबल मीटर से पुलिस करेगी लाउडस्पीकर के शोर की जांच
शासन के निर्देश पर धार्मिक स्थलों, मैरिज होम आदि में लाउडस्पीकर के शोर की जांच अब पुलिस डेसीबल मीटर से करेगी। अगर मानकों का उल्लंघन कर ध्वनि प्रदूषण मिला तो पुलिस कार्रवाई करेगी। ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए पुलिस पहले ही धार्मिक गुरुओं व अन्य को नोटिस भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार, डेसीबल मीटर की सहायता से ध्वनि के स्तर को मापा जाएगा और शोर का स्तर अधिक मिलने पर वैधानिक कार्रवाई होगी। पुलिस इस संबंध में सर्वे भी करा रही है। इसके लिए सभी एसीपी के नेतृत्व में समस्त थाना प्रभारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है। अगर इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और प्रदूषण बोर्ड की तरफ से संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभी तक 602 मंदिरों व 265 मस्जिदों के धर्मगुरुओं के साथ 217 बरात घर व 175 डीजे संचालकों को नोटिस भेजे हैं।