ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक 26 अप्रैल को होगी। इसमें पांच हजार करोड़ के बजट, मास्टर प्लान-2041, भू आवंटन दरें बढ़ाने व सोसाइटियों के संरचनात्मक ऑडिट के प्रस्ताव रखे जाएंगे। साथ ही, कई अन्य परियोजनाओं की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन अरविंद कुमार करेंगे।
बैठक में पांच हजार करोड़ का बजट पास करने की संभावना है। इसमें एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, लॉजिस्टिक पार्क आदि के लिए भी बजट शामिल होगा। इन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी रखी जाएगी। मास्टर प्लान में जेवर से आगरा तक कई विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव रखे जाएंगे। यमुना क्षेत्र में आवासीय, औद्योगिक समेत सभी आवंटन दरें बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा जाएगा। मौजूदा समय में यमुना क्षेत्र में भूखंडों के दाम काफी ऊपर जा चुके हैं। ऐसे में यहां पर आवंटन दर बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।