फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोेएडा : सीटीईटी का प्रश्न पत्र लीक कराने वाले सॉल्वर गिरोह के 13 गिरफ्तार, सरगना फरार

Fri, 31 Dec 2021 06:26 AM IST
नोएडा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

सार

गिरफ्तार लोगों में दिल्ली पुलिस का नरेला थाने में तैनात एएसआई, सीआरपीएफ से अवकाशप्राप्त सिपाही और पांच महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
विज्ञापन
गिरफ्त में आरोपी... - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के प्रश्न पत्र को लीक कराने वाले सॉल्वर गिरोह के 13 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि सोनीपत निवासी वकील सहित गिरोह के तीन सरगना फरार हो गए। गिरफ्तार लोगों में दिल्ली पुलिस का नरेला थाने में तैनात एएसआई, सीआरपीएफ से अवकाशप्राप्त सिपाही और पांच महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं। महिलाओं को कुरुक्षेत्र, मथुरा और मुरादाबाद में बृहस्पतिवार को परीक्षा देनी थी। एक ओयो होटल में गिरोह के सदस्य महिला अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र दिखाकर उत्तर रटा रहे थे।

विज्ञापन


डीसीपी राजेश एस व एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तड़के करीब साढे़ तीन बजे सेक्टर-60 चौकी इंचार्ज ने साईं मंदिर के पास एक कार में बैठे युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने परिजनों को पेपर दिलाने के लिए आने की बात कही। सख्ती से पूछताछ की गई तो सेक्टर-60 स्थित एक ओयो होटल में पुलिस पहुंची। यहां एक ही कमरे में 10-12 लोग मिले, जो पढ़ाई करा रहे थे। इनमें पांच महिलाएं थीं जो परीक्षा देने के लिए आई थीं।

एसीपी रजनीश वर्मा ने पूछताछ की तो आरोपियों ने कबूल किया कि वह सीटीईटी का प्रश्न पत्र लीक कराने वाले गिरोह सरगना सोनीपत निवासी विनय दहिया, रवि व अंकित के लिए काम करते हैं। सरगना लीक प्रश्न पत्र पेन ड्राइव में लाकर लैपटॉप के जरिये अभ्यर्थियों को जवाब रटाते हैं और दो घंटे के तीन से पांच लाख रुपये लेते हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस की दबिश की सूचना मिलने पर सेक्टर-71 स्थित एक ओयो होटल में ठहरा विनय दहिया, अंकित और रवि पेन ड्राइव लेकर फरार हो गए। पेन ड्राइव में सीटीईटी का प्रश्न पत्र था।
विज्ञापन


इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में दिल्ली के न्यू ललितपुर थाना जगतपुरी निवासी राजेश (सॉल्वर), राजस्थान के झुंझुनू निवासी भवानी शर्मा (सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त सिपाही), सोनीपत निवासी विकास (दिल्ली पुलिस में एएसआई), राजस्थान भरतपुर निवासी शिवराम सिंह (मीडिएटर), हाथरस निवासी रवि, प्रमोद कुमार, गजेंद्र सिंह (तीनों मीडिएटर), पलवल निवासी सुनील व रामअवतार (परीक्षार्थियों को तलाशता था), संभल निवासी सुनील जोशी (मीडिएटर) व अनिल कुमार (मीडिएटर), दिल्ली के पालम निवासी अमित (मीडिएटर), गुरुग्राम निवासी ब्रजेश (मीडिएटर) शामिल हैं। आरोपियों से फॉरच्यूनर, इको स्पोर्ट्स, बलेनो और स्विफ्ट कार बरामद की गई हैं।

यह महिलाएं आईं थीं परीक्षा देने
परीक्षा देने के लिए यूपी के संभल निवासी संध्या व मथुरा निवासी शैली, सोनीपत निवासी सुदेश, गुरुग्राम निवासी शर्मिला व पूनम को नोएडा बुलाया गया था। सभी को जवाब रटाए जा रहे थे।

सरगना की तलाश में तीन राज्यों की एसटीएफ
सॉल्वर गिरोह के सरगना विनय दहिया की तलाश दिल्ली, हरियाणा व यूपी की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी है। हरियाणा में कई परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप में विनय दहिया, रवि और अंकित कई मामलों में वांछित हैं। सरगना तीन से पांच लाख रुपये अभ्यर्थियों को पेपर रटाने के लिए लेते थे और बाकी सदस्यों को एक-एक लाख रुपये देते थे। आरोपियों के पास से पुलिस को 51 लोगों के प्रवेश पत्र मिले हैं। इससे आशंका है कि दिल्ली-हरियाणा व यूपी समेत अन्य स्थानों पर होने वाली सीटीईटी के लिए भी अभ्यर्थियों को पेपर रटाने की तैयारी थी।

परीक्षा केंद्रों की सूची भी मिली
गिरफ्तार आरोपियों से एक सूची में परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्रों के नाम की सूची भी मिली है। इसमें संध्या का मुरादाबाद, शैली का मथुरा, नेहा फरीदाबाद, पूजा बदरपुर दिल्ली और कविता, पूनम, मोनिका का परीक्षा केंद्र गुरुग्राम सहित कुल 51 लोगों के नाम और केंद्रों का जिक्र है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें