सोसाइटी में चोरों द्वारा तोड़ा गया शीशे का गेट। अमर उजाला
नोएडा। सेक्टर-121 स्थित शहर की सबसे हाई प्रोफाइल क्लियो काउंटी सोसाइटी में घुसकर चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़कर दानपात्र की चोरी कर लिया। मंगलवार देर रात जिस वक्त चोरी हुई, उस समय ड्यूटी पर कुल 165 सिक्योरिटी गार्ड अलग-अलग जगहों पर तैनात थे। बुधवार सुबह दानपात्र सोसाइटी के बाहर नाले में मिला। चोरी के बाद सोसाइटी की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी के अंदर एक भव्य मंदिर बना है। मंगलवार देर रात दो बदमाश सेक्टर-71 की तरफ से दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गए। सोसाइटी के अंदर लगे फायर फाइटिंग सिस्टम के उपकरणों को हाथ में लेकर बदमाश मंदिर के पास पहुंचे और लकड़ी व शीशे के बने गेट को तोड़ दिया।
इसके बाद मंदिर के अंदर से दानपात्र चुरा लिया और फिर दीवार फांदकर बाहर भाग गए। सुबह जब लोग टहलने निकले, तब दानपात्र को नाले में पडे़ देखा। इसके बाद इस घटना की जानकारी मिली। अति सुरक्षित और हाई प्रोफाइल सोसाइटी के मंदिर में चोरी के बाद निवासी सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। बताया जाता है कि दानपात्र में लाखों रुपये थे और इस बारे में चोरों को जानकारी थी। घटना से पहले सोसाइटी की रेकी की गई है। यही कारण है कि चोर आराम से दीवार फांदकर आए और चोरी कर भाग निकले। एसीपी अब्दुल कादिर का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
25 मिनट तक सोसाइटी के अंदर रहे बदमाश
सोसाइटी के रहने वाले कृष्ण पाठक ने बताया कि निवासी सुरक्षा व अन्य मद में भारी मेंटेनेंस शुल्क देते हैं। इसके बाद भी 165 सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती के बीच मंदिर में चोरी से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दो चोर रात करीब 1:22 बजे पर दीवार फांदकर अंदर दाखिल होते हैं और मंदिर में करीब 25 मिनट तक रहते हैं। इस दौरान एक भी गार्ड की नजर उन पर नहीं पड़ी। यह भी बड़ा सवाल है।