शराब के नशे में बहनोई के भाई को मारी गोली, मौत
-तीन के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पुन्हाना। उपमंडल के कस्बा पिनगवां स्थित आजाद नगर कॉलोनी में शनिवार देर शाम शराब के नशे में एक आदमी ने अपने बहनोई के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को मांडीखेडा के अल-आफिया अस्पताल में रख दिया गया है।
जांच अधिकारी अब्दुल मजीद ने बताया कि पिनगवां खंड के गांव शिकरावा निवासी 22 वर्षीय सतपाल की बहन होडल में बिहाई है। सतपाल के जीजा के भाई सूरज की आपस में दोस्ती है। शनिवार को सतपाल ने सूरज को फोन से दावत के लिए बुलाया। दोनो कुछ खाने-पीने की चीज और शराब पीने पिनगवां के आजाद नगर स्थित खाली प्लाटों में बैठ गए। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और सूरज को गोली मार दी। जांच अधिकारी ने बताया कि उनको फोन से सूचना मिली की आजाद नगर में किसी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए। मौका ए वारदात पर उनको पांच बीयर और शराब की बोतल व कारतूस मिला। घायल अवस्था में शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज ले जाते समय सूरज नामक युवक की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अल-आफिया अस्पताल मांडीखेडा में रख दिया गया है।
वहीं मृतक के पिता राम चंद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके बेटे सूरज के शिकरावा निवासी सतपाल के पास पैसे थे, जिनको लेने शनिवार को वह पिनगवां आया था। जहां सूरज की सतपाल और उसके भाई कल्लू व रिंकू ने मिलकर हत्या की दी।
फोटो--मांडीखेडा के अल-आफिया अस्पताल में मृतक के खडे़ परिजन