डीएमसी ने दो अस्पतालों से
15 दिन में मांगा जवाब
- बगैर मंजूरी विदेश घूमने के मामले में आरएमएल और सफदरजंग स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर के निदेशक को नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एक शिकायत पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) ने केंद्र सरकार के दो बड़े अस्पतालों डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) और सफदरजंग स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर से जवाब तलब किया है। काउंसिल ने आरएमएल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके तिवारी और सेंटर के निदेशक डॉ. आरके आर्या को नोटिस देकर 15 दिन में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
डीएमसी सचिव डॉ. गिरीश त्यागी ने बताया कि इस वर्ष जनवरी में डॉ. आर्या की विदेश यात्रा को लेकर शिकायत मिली थी। डॉ. आर्या उस समय आरएमएल में हड्डी रोग विभागाध्यक्ष थे। आरोप लगाया गया था कि वे अस्पताल एवं स्वास्थ्य मंत्रालय की बगैर मंजूरी एक इंप्लांट बेचने वाली कंपनी के प्रतिनिधि के साथ विदेश घूमने गए थे। आरएमएल अस्पताल के विद्यार्थियों ने फेसबुक पर पोस्ट तस्वीरें देखीं तो विदेश यात्रा की बात प्रबंधन तक पहुंची थी। हालांकि डॉ. आर्या कह चुके हैं कि वे एक कॉन्फ्रेंस के लिए गए थे। लौटने के बाद मंत्रालय ने उन्हें इसकी मंजूरी दे दी थी। इस मामले में आरएमएल अस्पताल की जांच में डॉ. आर्या को दोषी ठहराते हुए मंत्रालय से उन्हें तत्काल हटाने की सिफारिश की गई थी।
यह पूरा मामला अमर उजाला ने 13 जनवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। डॉ. त्यागी का कहना है कि दोनों पक्षों से जवाब मिलने और दस्तावेज की जांच के बाद डीएमसी संतुष्ट नहीं हुआ तो मामले की जांच उच्च स्तरीय कमेटी से कराई जाएगी।