जनसंवाद की बात करने वाली पार्टी चर्चा से भाग रही : तिवारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । प्रदेश भाजपा ने दिल्ली सरकार पर संविधान की अवहेलना करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कहा है कि विधानसभा का सत्र बुलाकर जनता के पैसे की बर्बादी की गई। पूरे सत्र के दौरान सरकार ने एक भी विधेयक लेकर नहीं आई। राशन, सीसीटीवी, सार्वजनिक परिवहन, शिक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दे पर पूरे सत्र के दौरान चर्चा नहीं हुई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आश्चर्य की बात है कि जनसंवाद की बात करने वाली सरकार ने विधानसभा के सत्र में चर्चा से भागती रही। बांग्लादेशी घुसपैठियों के समर्थन करने के लिए सत्र का इस्तेमाल किया गया। सरकार ने भूख से तीन बच्चों की दुखद मृत्य पर भी संवेदना प्रकट करना जरूरी नहीं समझा। वहीं दूसरी ओर इस सत्र में सरकार के जल बोर्ड की पोल एक बार फिर खुली जब सत्ताधारी दल के ही एक विधायक संदीप कुमार ने सीवर सफाई घोटाले पर बोलना चाहा। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें भी मार्शलों से सदन के बाहर निकलवा दिया।