कैंसर पीड़ित बच्चों ने दिया कैंसर से बचने का संदेश
- तरंग कार्यक्रम में फैशन शो व ग्रुप डांस से जागरूकता बढ़ाने का किया आह्वान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कैंसर के बढ़ते खतरे को देखते हुए पूर्वी दिल्ली में निजी अस्पताल ने तरंग नामक कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। कैंसर पीड़ित इलाज करवा रहे बच्चों ने भी आम लोगों को कैंसर के प्रति समय से जानकारी लेने व इलाज का आह्वान किया।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज ने शनिवार को मयूर विहार स्थित कार्तियायानी सामाजिक सांस्कृतिक परिसर में तरंग नामक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बच्चे, अभिभावक और विशेषज्ञ शामिल हुए। यहां फैशन शो, ग्रुप डांस आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने कैंसर से लड़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल आईपी एक्सटेंशन, सेंट एंड्रयूज स्कॉट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिलवुड अकादमी प्रीत विहार और रॉक मैटिस अकादमी गीता कॉलोनी आदि के छात्रों ने भाग लिया। अस्पताल की टीम ने कैंसर के प्रारंभिक लक्षण और इलाज के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में कैंसर का इलाज करा रहे बच्चों ने डांस और ड्राइंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कैन किड्स सर्वाइवर्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सबके समक्ष हौसले की मिसाल कायम की।