मंदिर में गूंजा भोले शंकर का जयघोष
सावन माह के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सावन माह शुरू होते ही राजधानी शिवमय होनी आरंभ हो गई। सावन माह के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं में अति उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे। चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में सबसे अधिक संख्या में श्रद्धालुओं ने शंकर भगवान की पूजा अर्चना की गई और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। राजधानी के प्रमुख शिव मंदिर चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर, मादीपुर स्थित प्राचीन कालीन शिव मंदिर, जयपुर हाई वे स्थित रंगपुरी में शिव मूर्ति, यमुना किनारे नीली छतरी वाले मंदिर, छतरपुर मंदिर, बिडला मंदिर, आसफ अली रोड स्थित श्रीराम हनुमान वाटिका मंदिर, झंडेवाला मंदिर समेत तमाम छोटे-बड़े मंदिरों में पूरा दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना एवं शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए व्रत भी रखा।
----------
रामलीला मंचन की तैयारी शुरू
नई दिल्ली। राजधानी की सबसे बड़ स्तर पर रामलीला का मंचन कराने वाली श्री धार्मिक लीला कमेटी ने विजयदशमी के मौके पर कराई जाने वाली रामलीला की तैयारी शुरू कर दी है। इस सिलसिले में कमेटी ने सोमवार को अपने चुनाव कराए, जिसमें महानंद प्रसाद सिंगल को प्रधान, केके मोदी को चेयरमैन, धीरजधर गुप्ता को महामंत्री, प्रदीप शरण को मंत्री, ब्रह्म सोनी को लीला मंत्री और रवि जैन प्रचार मंत्री चुना गया। ब्यूरो