डिग्री कॉलेज में दाखिले की
मांग पर छात्रों का हंगामा
- सांध्य कालीन कक्षाएं शुरू कराने को एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। दादरी के मिहिरभोज डिग्री कॉलेज के छात्रों ने दाखिले न होने और सांध्य कालीन कक्षाएं न शुरू करने पर हंगामा किया और तहसील जाकर धरना दिया। इसके बाद उप जिला अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
मिहिरभोज डिग्री कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष रविंद्र भाटी की अध्यक्षता में छात्रों ने परिसर में एकत्र होकर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। भाटी ने बताया कि काफी छात्र बिना दाखिले के रह गए। उनको दाखिला देकर सांध्य कालीन कक्षाएं चलाई जा सकती हैं। इससे छात्रों का एक साल बर्बाद होने से बच जाएगा। इस मसले पर कॉलेज प्रबंधन से कोई आश्वासन भी नहीं मिला, जिसके चलते छात्र समाधान दिवस में पहुंचकर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी अंजनी कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर हैप्पी पंडित, प्रदीप भाटी, गोविंद, गौरव भाटी, हरिओम, आकाश नागर, विक्रांत तोंगड़ आदि मौजूद रहे।