बारिश के दौरान कई जगह जलभराव
नई दिल्ली। राजधानी में लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी बारिश हुई, लेकिन कुछ स्थानों पर ही जलभराव हुआ। इसके चलते वाहन चालकों खासतौर पर दुपहिया वालों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
राजधानी में शनिवार को बारिश के दौरान कश्मीरी गेट, तीस हजारी, सिविल लाइन, चांदनी चौक, लालकिला के पीछे रिंग रोड, बरार स्केयर, दिल्ली छावनी, पालम, डाबड़ी, जनकपुरी, उत्तम नगर, एमबी रोड, संगम विहार, नेब सराय, साकेत, तुगलकाबाद, बदरपुर, भाटी माइंस, आया नगर, छतरपुर, महरौली आदि इलाकों में जलभराव हुआ। हालांकि इन इलाकों में शुक्रवार की भांति अधिक देर तक लोगों को जलभराव का सामना नहीं करना पड़ा।
उधर, बारिश एवं जलभराव के चलते दुपहिया वालों को दिक्कत हुई। सड़कों पर पानी भरने के कारण उन्हें अपना वाहन चलाने में परेशानी हुई। कार एवं अन्य बड़े वाहनों के तेजी से निकलने के दौरान सड़कों पर जमा पानी उन पर गिरता रहा।