पीजी कोर्सेज के दाखिले के लिए नया शेड्यूल तैयार
पहली सूची के आधार पर 25 से 27 जुलाई तक दाखिले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2018-19 के स्नातकोत्तर (पीजी) दाखिलों के लिए नया शेड्यूल तैयार कर लिया है। नए शेड्यूल के मुताबिक, पीजी कोर्सेज के लिए पहली दाखिला सूची 25 जुलाई को जारी होगी, जिसके आधार पर 25 जुलाई से 27 जुलाई तक दाखिले होंगे। 17 जुलाई से 22 जुलाई तक पीजी दाखिला पोर्टल दुबारा खोला जाएगा। इस पर छात्रों को अपने स्नातक कोर्स के अंकों व बारहवीं के अंकों को अपलोड करना होगा। इसी दौरान छात्र पंजीकरण के समय भरी गई कॉलेज की प्राथमिकता में भी बदलाव कर सकेंगे।
शिक्षकों के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन बहिष्कार के कारण स्नातक कोर्सेज के नतीजे जारी होने में देरी हुई। ऐसे में बीते सप्ताह डीयू ने पीजी कोर्सेज के लिए पूर्व निर्धारित दाखिला शेड्यूल को रद्द कर दिया था। अब स्नातक (यूजी) कोर्सेज के नतीजे आने के बाद पीजी के लिए नया दाखिला शेड्यूल तैयार किया गया है। शेड्यूल के अनुसार, पहली दाखिला सूची 25 जुलाई को जारी की जाएगी। इस सूची के तहत 25 जुलाई से 27 जुलाई तक दस्तावेज की जांच व दाखिले की स्वीकृति होगी।
दूसरी दाखिला सूची 31 जुलाई को जारी होगी और उसके आधार पर दस्तावेज की जांच व दाखिले की स्वीकृति 31 जुलाई से 2 अगस्त तक होगी। सीटें बचने पर तीसरी दाखिला सूची अगस्त में जारी होगी, जिसके आधार पर 6 अगस्त से 8 अगस्त तक दस्तावेज की जांच व दाखिलों की स्वीकृति होगी।
डीयू ने स्पष्ट किया है कि यह शेड्यूल एलएलबी में दाखिले के लिए नहीं है। विभागीय स्तर पर दाखिले का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। कॉलेज स्तर पर दाखिला प्रक्रिया सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक व सांध्यकालीन कॉलेजों में शाम 4 बजे से 7 बजे तक दाखिला लिया जा सकेगा। दाखिले की स्वीकृति हो जाने के बाद छात्रों को डीयू दाखिला पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फीस जमा करानी होगी। प्रत्येक सूची में दाखिले स्वीकृत हो जाने के अगले दिन दोपहर 12 बजे फीस का भुगतान किया जा सकेगा।