हाफ मैराथन में 1500 धावकों ने लिया हिस्सा
नोएडा संवाद। सेक्टर-142 स्थित वन एफएनजी परिसर में रविवार सुबह खेल, फिटनेस और सामाजिक सरोकार का अनोखा संगम देखने को मिला। ग्रुप 108 की ओर से आयोजित ‘रन फॉर अ कॉज’ हाफ मैराथन 2026 में करीब 1500 धावकों ने हिस्सा लिया।
सुबह 4:15 बजे शुरू हुई दौड़ में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान मैराथन में 21.10 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी, 5 किमी, ओपन वॉकाथन/फन रन और 7 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए 1 किमी किड्स रन आयोजित की गई। अनुभवी एथलीटों से लेकर पहली बार दौड़ने वाले प्रतिभागियों तक सभी ने फिनिश लाइन पार कर अपनी फिटनेस और आत्मविश्वास का परिचय दिया। कार्यक्रम को इंडियन ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन (आईबीएसए) के सहयोग से दृष्टिबाधित खिलाड़ियों को समर्पित किया गया। अंत में विजेताओं को ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। ग्रुप 108 के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अमीश भूटानी ने कहा कि विकास का असली अर्थ समाज में स्वास्थ्य, सहभागिता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।