ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन ने 36 बिल्डरों की कुर्क संपत्ति की सूची ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को ई-नीलामी के लिए भेजी है। इन बिल्डरों के कुल 125 फ्लैट, दुकान और प्लॉट की ई-नीलामी होगा। ई-नीलामी से मिलने वाली धनराशि से उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) की वसूली की जाएगी। प्रशासन से सूची मिलने के बाद प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इन संपत्तियों की कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक है।
यूपी रेरा के आदेशों का बिल्डर पालन नहीं कर रहे हैं। जिस पर यूपी रेरा बिल्डरों के खिलाफ आरसी जारी कर रहा है। जिला प्रशासन के स्तर पर करीब छह अरब की आरसी लंबित है। आरसी का पैसा नहीं मिलने पर जिला प्रशासन की तहसील टीम बिल्डरों की संपत्ति को कुर्क कर रही है। अभी तक करीब 400 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। प्रदेश सरकार ने ई-नीलाम कराने की अनुमति देते हुए जिलाधिकारी को इसके लिए अधिकृत किया था। प्रशासन की तरफ से संबंधित प्राधिकरण को ई-नीलामी कराने की जिम्मेदारी दी थी। अब प्रशासन की सदर और दादरी तहसील की तरफ से बिल्डर और उनकी कुर्क संपत्ति की सूची ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भेजी गई है। दादरी तहसील से 25 बिल्डरों की 102 संपत्ति की सूची भेजी गई है। इनमें फ्लैट, दुकान और प्लॉट शामिल है। वहीं सदर तहसील की तरफ से 11 बिल्डरों की 23 संपत्ति की सूची भेजी गई है।
प्राधिकरण को भेजी गई सदर तहसील की सूची
बिल्डर का नाम कुर्क संपत्ति
सनवर्ल्ड सिटी 1 प्लॉट
सिक्का इंफ्रास्ट्रक्चर 2 फ्लैट
वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन 1 फ्लैट
मिस्ट डायरेक्ट सेल्स 4 दुकान
ग्रेड वेनिस कॉमर्शियल टावर 1 दुकान
ग्रीन व्यू-दो सहकारी आवास समिति 2 फ्लैट
ग्रीन बे इंफ्रास्ट्रक्चर 5 फ्लैट
न्यूटेक प्रमोटर्स एंड डेवलपर्स 3 फ्लैट
इम्पीरिया स्ट्रक्चर्स लिमिटेड 2 दुकान
वर्धमान एस्टेट एंड डेवलपर्स 1 प्लॉट
पार्श्वनाथ डेवलपर्स 1 फ्लैट
दादरी तहसील ने इन बिल्डरों की भेजी है सूची
कैलटेक इंफ्रास्ट्रक्चर के 7 फ्लैट, एसेंट बिल्डटेक का 1 फ्लैट, होम एंड सोल इंफ्रटेक के 9 फ्लैट, सनवर्ल्ड रेजीडेंसी के 9 फ्लैट, हैबीटेक इंफ्रास्ट्रक्चर का 1 फ्लैट, जैग्वार इंफ्रा का 1 फ्लैट, अंतरिक्ष इंजी के 2 फ्लैट, रुद्र बिल्डवेल होम्स के 3 फ्लैट, रुद्र बिल्डवेल इंफ्रा का 1 फ्लैट, रुद्र बिल्डवेल प्रोजेक्ट का 1 फ्लैट, इंपीरियर स्ट्रक्चर्स के 2 फ्लैट, आरसिटी इंफ्रास्ट्रक्चर्स के 3 फ्लैट, बुलंद रियलटर्स के 5 फ्लैट, मॉर्फियस डेवलर्स के 5 फ्लैट, महागुन इंडिया के 5 फ्लैट, गायत्री हॉस्पिटेलिटी एंड रियलकॉन के 23 फ्लैट, न्यूटेक प्रमोटर एंड डेवलपर्स के 2 फ्लैट, अजनारा इंडिया के 8 फ्लैट, रेडिकॉन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड हाउसिंग के 4 फ्लैट, डिलिगेंट बिल्डर्स का 1 फ्लैट, ला रेजीडेंसिया का 1 फ्लैट, सुपर सिटी डेवलपर्स के 3 फ्लैट, इको ग्रीन बिल्टेक के 2 फ्लैट, एलीगेंट इंफ्राकॉन के 2 फ्लैट को ई-नीलामी के लिए भेजा गया है।
बिल्डरों की कुर्क संपत्ति की सूची ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भेज दी गई है। प्राधिकरण संपत्ति की ई-नीलामी कराएगा। ई-नीलामी से मिलने वाली धनराशि से आरसी की वसूली होगी। - वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)