- स्टाम्प शुल्क देने के बाद भी नहीं शुरू हो पाई रजिस्ट्री, 7 एवेन्यू सोसाइटी निवासी बोले हर बार मिला आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तीन साल से 1100 परिवार रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे हैं। कोई उनकी सुध नहीं ले रहा है। इन मुद्दों को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित 7 एवेन्यू सोसाइटी के निवासियों ने उठाया। रविवार को आयोजित अमर उजाला संवाद में निवासियों ने कहा कि लाखों रुपये देकर उन्होंने अपना सपनों का घर खरीदा था। कई साल गुजर जाने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। कई बार बिल्डर से रजिस्ट्री कराने की मांग की गई। हर बार केवल आश्वासन ही मिला।
निवासियों ने बताया कि उनसे कहा गया कि पहले ई-स्टंप शुल्क देना पड़ेगा। उसके बाद रजिस्ट्री शुरू होगी। ई-स्टंप शुल्क देने के तीन साल बाद भी रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। रजिस्ट्री नहीं होने के कारण वह अपना फ्लैट नहीं बेच पा रहे हैं। उनका कहना है कि बिल्डर जानबूझकर रजिस्ट्री नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब वह बिल्डर की प्रताड़ना को नहीं सहेंगे। यदि जल्द से जल्द रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो वह सड़कों पर उतरेंगे।
कोट
तीन साल से रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे हैं। अब सब्र नहीं हो रहा है। - ज्ञान चंद पांडे
ई-स्टंप शुल्क देने के बाद भी लगातार बहाने बनाए जा रहे हैं। - के के सिंह
रजिस्ट्री नहीं होने से अब तक फ्लैट का मालिकाना हक नहीं मिल पाया है। - रंजीत दुबे
कभी किसान की समस्या तो कभी कुछ बताकर रजिस्ट्री टाली जा रही है। - करुण शुक्ला
सोसाइटी के हर फ्लैट खरीदार से पैसे लेने के बाद भी लगातार टरकाया जा रहा है। - डॉ. दीपक
यदि जल्द रजिस्ट्री नहीं हुई तो अब सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ेगा। - कुलदीप त्रिवेदी